Skip to content
Friday, 30 October 2026
हरदा

करवा चौथ पर यातायात पुलिस की अनूठी पहल, पत्नियों ने पतियों को पहनाए हेलमेट

3 min read
20 10
Text Size:

 

21 1 1 1
-नि:शुल्क हेलमेट बांटकर दिलाया सुरक्षित सफर का संकल्प
-पति की दीर्घायु के साथ सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

अनोखा तीर, हरदा। करवा चौथ के पावन पर्व पर हरदा यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अनूठी पहल की। पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखने वाली महिलाओं को यातायात पुलिस ने नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए। इसके बाद पत्नियों ने अपने हाथों से पतियों को हेलमेट पहनाकर हमेशा हेलमेट लगाकर ही दोपहिया वाहन चलाने का संकल्प दिलाया। इस पहल के माध्यम से पुलिस ने संदेश दिया कि पति की दीर्घायु की कामना के साथ उनकी सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस जागरूकता अभियान में एसडीओपी शालिनी परस्ते, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक वर्षा गौर सहित यातायात पुलिस का स्टाफ शामिल रहा। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन पर जा रहे दंपत्तियों को रोककर उन्हें हेलमेट के महत्व के बारे में समझाया गया। इसके बाद महिलाओं को नि:शुल्क हेलमेट दिए गए और पत्नियों के हाथों से पतियों को हेलमेट पहनवाया गया। साथ ही, भविष्य में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाने का संकल्प दिलाया गया।
पति की सुरक्षा के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का संदेश
एसडीओपी शालिनी परस्ते ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने पतियों से हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने का वचन लेने के लिए प्रेरित करना है। करवा चौथ पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। ऐसे में हेलमेट पहनने की आदत अपनाना उनके सुरक्षित जीवन के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और जागरूकता का प्रतीक है।
हेलमेट पहनना आदत बनाएं, सुरक्षा को दें प्राथमिकता
यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक वर्षा गौर ने कहा कि करवा चौथ केवल पति की दीर्घायु की कामना का पर्व ही नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। पत्नियां अपने पतियों को हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में गंभीर चोट के जोखिम को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि करवा चौथ पर पति को सुरक्षित जीवन का उपहार देने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि उन्हें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाने दिया जाए। साथ ही, महिलाओं को भी स्वयं यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और अपने परिवार के सदस्यों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना चाहिए।
सहयोग से आयोजित हुआ जागरूकता अभियान
यातायात पुलिस की इस पहल में सुरजीत बजाज ऑटोमोबाइल्स एवं श्री हरिकृष्णा मोटर्स का सहयोग रहा। नि:शुल्क हेलमेट वितरण के माध्यम से लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय सिर में गंभीर चोट से बचाव का महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। करवा चौथ के अवसर पर शुरू की गई इस पहल ने पारिवारिक प्रेम को सड़क सुरक्षा से जोड़ते हुए जागरूकता का संदेश दिया। पुलिस की अपील है कि दोपहिया वाहन चालक हर यात्रा के दौरान स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। यातायात नियमों का पालन करके ही स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply