अनोखा तीर, हरदा। बढ़ती महंगाई के बीच विवाह समारोहों पर होने वाला भारी खर्च मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में ब्राह्मण समाज द्वारा युवक-युवती पालक परिचय सम्मेलन के साथ विवाह सम्मेलन आयोजित करने की पहल की जा रही है। इससे परिवारों को योग्य जीवनसाथी चुनने का अवसर मिलने के साथ सादगीपूर्ण विवाह और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलेगा। 29 नवंबर को आयोजित होने वाले युवक-युवती पालक परिचय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर अनिल अग्निहोत्री के निवास पर बैठक आयोजित की गई। इसमें कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के गणमान्य सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सभी ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता और सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में प्रभुशंकर शुक्ल, अनिल अग्निहोत्री, अरुण तिवारी, विष्णु दुबे, विनोद तिवारी, महेश दुबे, प्रकाश तिवारी और भुवन विक्रम पांडे ने अपने विचार रखे। इस दौरान सहमति बनी कि परिचय सम्मेलन में जिन युवक-युवतियों के रिश्ते तय होंगे, उनके लिए आगामी वर्ष में विवाह सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इस पहल से परिवारों को विवाह की तैयारियों में सहयोग मिलेगा और अनावश्यक खर्च कम करने में मदद मिलेगी। बैठक के अंत में ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष सुभाष पस्टारिया का स्वागत किया गया। इस अवसर पर रजनीश शर्मा, हरिनारायण जोशी, उदय बेलापुरकर सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
महंगाई के दौर में विवाह का आर्थिक बोझ घटाएगा ब्राह्मण समाज का परिचय सम्मेलन






