-किसानों को फसल बीमा और मुआवजा मिलने का रास्ता हुआ साफ
-कर्जमाफी सहित अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश के 12 जिलों के साथ हरदा जिले को सूखा घोषित किए जाने पर कांग्रेसजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले को सूखा घोषित किए जाने से प्रभावित किसानों को फसल बीमा एवं मुआवजा राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इससे आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसानों को राहत मिलेगी। इस संबंध में हरदा विधायक डॉ. दोगने ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर किसानों एवं मजदूरों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न मांगें रखी हैं। उन्होंने पत्र के माध्यम से किसानों के पूर्णत: फसल ऋण माफी करने, नहर-सिंचाई कर माफ करने तथा कृषि बिजली बिलों में राहत देने की मांग की है। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और मजदूरों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मनरेगा के अंतर्गत विशेष बजट आवंटन (स्पेशल एलॉटमेंट) दिए जाने की मांग भी की है। विधायक डॉ. दोगने ने किसानों और मजदूरों को राहत प्रदान करने के लिए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने यह भी कहा है कि किसानों एवं आमजन से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों को विधानसभा के आगामी सत्र में उठाया जाएगा, ताकि संबंधित समस्याओं का समाधान कराने के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा सके। हरदा जिले को सूखा घोषित किए जाने से प्रभावित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद के बीच कांग्रेसजनों ने इसे किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही आशा व्यक्त की कि फसल बीमा, मुआवजा, ऋणमाफी, सिंचाई कर, बिजली बिल और मनरेगा से संबंधित मांगों पर भी सरकार जल्द उचित निर्णय लेगी, जिससे किसानों एवं मजदूरों को आर्थिक संबल मिल सके। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता लखन सिंह मौर्य, दिनेश यादव, हरिमोहन शर्मा, गोविंद व्यास, अमर रोचलानी, राहुल पटेल उपस्थित थे।






