-शहर में दिखा करवा चौथ का उल्लास
-पति की लंबी उम्र के लिए रखा निर्जला व्रत, बाजारों में रही चहल-पहल
अनोखा तीर, हरदा। पति-पत्नी के अटूट प्रेम और अखंड सौभाग्य का प्रतीक करवा चौथ का पर्व गुरुवार को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को विधि-विधान से करवा माता की पूजा की। सोलह श्रृंगार कर सजी महिलाओं ने चंद्रमा के निकलने का इंतजार किया। रात करीब 8.30 बजे के बाद चंद्रमा के दर्शन होते ही महिलाओं के चेहरे खिल उठे।
बाजारों में रही दिनभर रौनक
पर्व को लेकर शहर के बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। साड़ी, आभूषण, चूड़ियां, मेहंदी और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ी। ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की कतार देखने को मिली। चंद्रमा को अर्घ्य देकर महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना की और पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया।






