Skip to content
Friday, 30 October 2026
हरदा

रहटाखुर्द में दो पटाखा दुकानें और एक गोदाम सील

2 min read
31 1 1
Text Size:

30 1 1

अनोखा तीर, हरदा। मगरधा रोड पर ग्राम रहटाखुर्द में गुरुवार को प्रशासन ने दो पटाखा दुकानों और एक गोदाम को सील कर दिया। राजस्व, पुलिस, पीडब्ल्यूडी और सेल्स टैक्स विभाग की संयुक्त टीम ने एमएच फायर वर्क्स और बाबा फायर वर्क्स की जांच की। एसडीएम शैलेंद्र बडोनिया ने बताया कि जांच में फायर सेफ्टी सिस्टम की पाइपलाइन और तड़ित चालक नहीं मिले। सीसीटीवी फुटेज का बैकअप भी नहीं था। रजिस्टर में पटाखे खरीदने वालों का रिकॉर्ड नहीं मिला और बिजली का स्विच बाहर के बजाय दुकान के अंदर था।
दुकानदारों को कमियां दूर करने के निर्देश
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों दुकानों के पीछे मुर्गी और बकरी पालन हो रहा था। एसडीएम ने इन कमियों के चलते दुकानों और गोदाम को सील किया और दुकानदारों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए। इसकी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी।
पटाखा बिक्री की कीमत पर हो सकता है असर
दीपावली से 10 दिन पहले फुटकर पटाखा दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं। थोक दुकानों के सील होने से फुटकर विक्रेताओं को दूसरे जिलों से पटाखे लाने पड़ सकते हैं। इससे ग्राहकों को पटाखे अधिक कीमत पर खरीदने पड़ सकते हैं। एसडीएम बडोनिया ने कहा कि दीपावली के दौरान लोगों की सुरक्षा के लिए पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर कार्रवाई की जा रही है। पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़े नियमों का पालन भी कराया जा रहा है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply