अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत भारत सरकार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 28 अक्टूबर 2026 को होगा। यह अभियान 26 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में तंबाकू के विरुद्ध जागरूकता विकसित करना, तंबाकू के प्रयोग की शुरुआत को रोकने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना, तंबाकू नियंत्रण संबंधी कानूनी प्रावधानों कोटपा के अनुपालन को सुदृढ़ करना तथा शैक्षणिक संस्थाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू मुक्त वातावरण को प्रोत्साहित करना है। निर्धारित अवधि में जिले के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों एवं अन्य हितधारकों के समन्वित प्रयासों से जागरूकता और तंबाकू नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जाएंगी। तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति जिला चिकित्सालय में संचालित तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र तथा राष्ट्रीय तंबाकू निषेध हेल्पलाइन नंबर 1800-112-356 पर संपर्क कर सकते हैं।
आज से शुरु होगा तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0






