एलबीएस कॉलेज की पूर्वी अग्रवाल का संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

-जिला स्तरीय टेबल टेनिस में हासिल किया  प्रथम स्थान  

अनोखा तीर, हरदा। शहर के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज हरदा की बीसीए द्वितीय वर्ष की प्रतिभावान छात्रा पूर्वी अग्रवाल ने शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में आयोजित जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन 1 अक्टूबर 26 को सीहोर में आयोजित होने वाली संभागीय स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे हरदा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। पूर्वी अग्रवाल की इस सफलता से महाविद्यालय में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है। उनकी उपलब्धि को महाविद्यालय की खेल गतिविधियों और विद्यार्थियों की प्रतिभा का परिचायक माना जा रहा है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव खरे ने पूर्वी अग्रवाल को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई देते हुए संभागीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। खेलों में इस प्रकार की उपलब्धियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। महाविद्यालय के खेल प्रशिक्षक विनोद यादव संभागीय प्रतियोगिता में मैनेजर के रूप में टीम के साथ शामिल होंगे। पूर्वी अग्रवाल की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है। महाविद्यालय को विश्वास है कि पूर्वी संभागीय प्रतियोगिता में भी अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से एलबीएस कॉलेज हरदा एवं जिले का गौरव बढ़ाएंगी।

0 Views

Leave a Reply