-‘आंगन मिलन सेवा के तहत वार्ड 16 में कार्यक्रम आयोजित
अनोखा तीर, हरदा। नगर वार्ड में आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल शासकीय सेवाओं के वितरण स्थल के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, पोषण, सीखने, सहभागिता और सम्मान के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी ‘आंगन मिलन सेवा अभियान का आयोजन मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में 29 सितंबर को हरदा शहरी परियोजना के आंगनवाड़ी केंद्र 30, वार्ड 16 में आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया गया। कार्यकर्ता शोभा ठाटे ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा, नगर पालिका में एल्डरमैन गजानंद डाले, महिला मोर्चा से जिला मंत्री प्रीती गहलोद, पूर्व पार्षद शिप्राबाई राठौर, राजेश राठौर, मिश्रिलाल गहलोद सहित वार्ड की महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। अमर सिंह मीणा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 26 सितंबर से 5 अक्टूबर 26 तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
हर आंगनवाड़ी बने सेवा, पोषण और सम्मान का केंद्र
गजानंद डाले ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए अभियान का मूल उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, माताओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य हितग्राहियों तक पोषण, स्वास्थ्य और कल्याण सेवाओं की नियमित एवं प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर ऐसा वातावरण निर्मित किया जाए, जिसमें सेवा के साथ सम्मान और जनभागीदारी भी दिखाई दे। कार्यकर्ता शोभा ठाटे ने जानकारी दी कि अभियान के प्रथम दिवस बाल स्वास्थ्य और आनंदमयी गतिविधियों पर विशेष जोर रहेगा। आंगनवाड़ी केंद्र पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों की गतिविधियां, इसके साथ ही 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों की माताओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा महिला हितग्राहियों से संवाद होगा। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गर्भावस्था एवं प्रसवोत्तर देखभाल, संतुलित आहार, एनीमिया, स्तनपान और शिशु देखभाल जैसे विषयों पर पोषण मटका बनाकर उसके बारे में बताया गया। कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ता को प्रमाण पत्र देकर उनकी उत्कृष्ट सेवाओं हेतु सम्मानित किया गया।





