हरदा डिग्री कॉलेज में हुई जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता  

अनोखा तीर, हरदा। सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हरदा डिग्री कॉलेज में हुआ। जिसमें जिले के पांच महाविद्यालय से दो-दो प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय हरदा, भाऊ साहब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय टिमरनी, एलबीएस कॉलेज हरदा, शासकीय आदर्श महाविद्यालय हरदा एवं हरदा डिग्री कॉलेज हरदा के 10 प्रतिभागियों ने ‘मेरे सपनों का भारत विषय पर भाषण प्रतियोगिता में अपने विचार प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतियोगिता के निर्णायक कुशल मंच संचालक ज्ञानेश चौबे, डॉ. शिरीष अग्रवाल, महाविद्यालय के उपप्राचार्य गणेश श्रीवास्तव, पूर्व जिला संगठक एनएसएस अधिकारी सत्येंद्र सिंह परिहार ने मां वीणापाणी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। सभी प्रतिभागियों ने भाषण के विषय ‘मेरे सपनों का भारत के बहुत से पहलुओं पर प्रकाश डाला जिसमें सुरक्षात्मक दृष्टिकोण, आर्थिक विकास, विकसित भारत, गरीबी हटाओ, महिला सुरक्षा, सांस्कृतिक विरासत, गांव का विकास राष्ट्र का विकास, सुरक्षित पर्यावरण, स्वच्छ पर्यावरण, तकनीकी विकास की ओर बढ़ता भारत महत्वपूर्ण बिंदु थे। जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर पर्णिका दुबे एवं द्वितीय स्थान पर नूपुर वनिक रहीं। ज्ञानेश चौबे ने सभी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने विचार संस्कार संस्कृति से सदैव जुड़ा रहना चाहिए, विचार जितने सकारात्मक रहेंगे, उतना कार्य में मन लगेगा इसके लिए आवश्यक है पुस्तकों से जुड़ाव। युवा पीढ़ी को पुस्तक पाठन नियमित करना चाहिए। डॉ. शिरीष अग्रवाल ने सभी को संबोधित करते हुए बताया कि भाषण प्रतियोगिता में किस प्रकार अपने विषय को बांधकर प्रस्तुत किया जाना चाहिए, विषय में आंकड़ों का विशेष रूप से उपयोग होना चाहिए, जिसका प्रभाव मंच एवं मंच के सामने बैठे सभी पर सकारात्मक रूप से पड़ता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को इस बौद्धिक प्रतियोगिता का हिस्सा बनने की बधाई दी एवं अपने विचारों को साझा करने के लिए सदैव अवसर को ढूंढते रहने की समझाइश दी। महाविद्यालय के उपप्राचार्य गणेश श्रीवास्तव ने 2047 विकसित भारत पर अपने विचारों से सभी को संबोधित किया एवं उपस्थित सभी टीम मैनेजर व निर्णायकों का आभार व्यक्त किया। संचालन प्राध्यापक कपिल दुबे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply