महाकवि कालिदास समारोह का विकासखंड स्तरीय आयोजन गरिमामय एवं भव्य रूप से सम्पन्न

-कालिदास की साहित्यिक विरासत से रूबरू हुए विद्यार्थी
-बाल कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

अनोखा तीर, हरदा। महाकवि कालिदास की अमूल्य साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को विद्यार्थियों तक पहुंचाने तथा उनमें संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति के प्रति अनुराग जागृत करने के उद्देश्य से महाकवि कालिदास समारोह का विकासखंड स्तरीय आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, हरदा में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में महाकवि कालिदास के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं साहित्य को केंद्र में रखते हुए विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रचनात्मक एवं सांस्कृतिक विधाओं, श्लोकपाठ, चित्रांकन एवं नृत्यनाटिका आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से बाल कलाकारों ने महाकवि कालिदास के साहित्य और उनके कालजयी सृजन को जीवंत रूप प्रदान किया। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्याशाला हरदा, शासकीय हाईस्कूल बिछौला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनतलाई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महात्मा गांधी, शासकीय सांदीपनि विद्यालय अबगाँवकला तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा के विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में मिलिंद सूबेदार, महेश शुक्ला एवं श्रीमती वीणा चौबे ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनके उत्साहवर्धन के साथ संस्कृत साहित्य एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, हरदा के प्राचार्य संतोष यादव ने की। उन्होंने महाकवि कालिदास के साहित्यिक अवदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा एवं संस्कृत साहित्य की समृद्ध विरासत से जुड़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था की कार्यक्रम प्रभारी एवं संस्कृत भाषा शिक्षिका श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कालिदास के साहित्य, संस्कृत भाषा एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ने के लिए आयोजित इस समारोह के महत्व पर प्रकाश डाला। संस्था की शिक्षिका प्रियंका सोनी एवं कार्यक्रम के अंत में ओमप्रकाश लोखंडे ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।  कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागी अब 8 अक्टूबर को जिला स्तरीय महाकवि कालिदास समारोह में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन ने विद्यालयों में संस्कृत एवं भारतीय साहित्य के प्रति विद्यार्थियों की रुचि को और अधिक प्रोत्साहित करने के साथ-साथ संस्कृत से संस्कृति और संस्कृति से संस्कार की भावना को भी सशक्त किया।

0 Views

Leave a Reply