– हरदा स्टेशन से चोरी बाइक से चारखेड़ा में लगातार दो दुकानों के ताले टूटे
– सीसीटीवी में संदिग्ध कैद, लावारिस हालत में मिली बाइक
अनोखा तीर, हरदा/टिमरनी। टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम चारखेड़ा में लगातार दो रात दो दुकानों के शटर के लॉक काटकर चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले हरदा रेलवे स्टेशन परिसर से मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। खास बात यह है कि चोरी गई इसी बाइक का इस्तेमाल चारखेड़ा में लगातार दो रात हुई चोरी की वारदातों में किए जाने की बात सामने आई है। यानी तीन रात, तीन वारदातें और पुलिस के सामने अब तक चोर की पहचान का सवाल बरकरार है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे चारखेड़ा निवासी गणेश मांगुल्ले की दुकान के शटर का लॉक काटकर चोरी की गई। दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। इसके अगले ही दिन बुधवार-गुरुवार की रात करीब 2.30 बजे गणेश कुशवाहा की दुकान को भी इसी तरीके से निशाना बनाया गया। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लगातार वारदातों के बाद थाना प्रभारी मुकेश गौड़ टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक ही संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दिया। ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 3.15 बजे यही संदिग्ध बाजार चौक में एक चार पहिया वाहन से पेट्रोल चोरी करते भी नजर आया। ग्रामीणों की नजर पड़ते ही वह मौके से भाग निकला। जांच के दौरान मनियाखेड़ी रोड पर एक लावारिस मोटरसाइकिल मिलने की सूचना पुलिस को मिली। एसआई रामविलास करपे मौके पर पहुंचे और बाइक को कब्जे में लिया। चेचिस नंबर की जांच में पुष्टि हुई कि यह वही मोटरसाइकिल है, जो मंगलवार रात हरदा रेलवे स्टेशन से चोरी हुई थी।
गांव में बढ़ती चोरी से दहशत
चारखेड़ा में लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी केबल वायर, कभी लोहे की रॉड, कभी मोटरसाइकिल तो अब दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरियों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी मुकेश गौड़, प्रियंका पाठक, दिनेश शेखावत, रामविलास करपे, अनूप कामले सहित पुलिसकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







