-बाउंड्रीवॉल, पेवर ब्लॉक और श्रद्धांजलि सभा के लिए बनेगा टीन शेड
अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सोडलपुर के मुक्तिधाम में लंबे समय से चली आ रही व्यवस्थाओं की कमी के चलते ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। ग्राम पंचायत द्वारा मुक्तिधाम के कायाकल्प की योजना तैयार की गई है। पांचवें वित्त आयोग से करीब 22 लाख रुपए की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा। निर्माण की तकनीकी स्वीेकृति जारी होने के बाद पंचायत ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के दौरान बारिश, गर्मी और ठंड के मौसम में ग्रामीणों को खुले आसमान के नीचे खड़े रहना पड़ता था। श्रद्धांजलि सभा के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशानी होती थी। इन समस्याओं को देखते हुए पंचायत द्वारा मुक्तिधाम परिसर में विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
30 बाई 50 मीटर परिसर में बनेगी बाउंड्रीवॉल, पेवर ब्लॉक लगेंगे
प्रस्तावित योजना के अनुसार मुक्तिधाम के पास स्थित मैदान का समतलीकरण किया जाएगा। करीब 30 बाई 50 मीटर क्षेत्र में बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जाएगा। पूरे परिसर में पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे आवागमन की सुविधा बेहतर हो सके। साथ ही मुक्तिधाम परिसर को सुंदर बनाने के लिए आसपास वृक्षारोपण भी किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा के लिए टीन शेड और लकड़ी घर बनेगा
मुक्तिधाम में श्रद्धांजलि सभा के लिए बड़ा टीन शेड तैयार किया जाएगा। इससे अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले ग्रामीणों को मौसम की परेशानी से राहत मिल सकेगी। इसके अलावा लकड़ी रखने के लिए अलग से लकड़ी घर बनाया जाएगा।
पंचायत प्रतिनिधियों ने पहुंचकर तैयार की निर्माण की रूपरेखा
तकनीकी स्वीकृति जारी होने के बाद बुधवार को ग्राम पंचायत के उपसरपंच गजेंद्र भाटी, सचिव योगेंद्र सिंह राजपूत, सहायक सचिव सुमित चौधरी सहित पंच आदित्य पटेल, प्रीतम खोरे, अजय सोलंकी, राजीव साबू, मनोज सोलंकी और संतोष परिहार मुक्तिधाम परिसर पहुंचे। यहां प्रस्तावित निर्माण कार्यों को लेकर स्थल का निरीक्षण किया गया और निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई। पंचायत द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है।



