-दो प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्सन
गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
अनोखा तीर, हरदा। अनंत चतुर्दशी पर्व पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। नगर पालिका हरदा द्वारा पैडी घाट क्षेत्र में बनाए गए विसर्जन कुंड में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था एवं डायवर्सन प्लान जारी किया है। यातायात पुलिस के अनुसार चाण्डक चौक, जामा मस्जिद, घंटाघर से नर्मदेव धर्मशाला तक के मार्ग तथा पैडी घाट क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात का दबाव अधिक रहेगा। इसे देखते हुए इन मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करने के साथ आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा।
खण्डवा जाने वाले वाहनों का बदला मार्ग
हरदा शहर से खण्डवा की ओर जाने वाले वाहनों को चाण्डक चौक से डायवर्ट किया जाएगा। वाहन प्रताप टॉकीज से होते हुए खण्डवा वायपास रोड के माध्यम से खण्डवा की ओर जा सकेंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्सन मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।
हरदा आने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्सन
वहीं खण्डवा रोड की ओर से हरदा आने वाले वाहनों को खेड़ीपुरा नाका से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को हनुमान मंदिर वायपास चौराहा की ओर भेजा जाएगा, ताकि शहर के भीतरी हिस्से में अनावश्यक यातायात दबाव न बढ़े।
इन क्षेत्रों में रहेगा अधिक दबाव
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान चाण्डक चौक, जामा मस्जिद, घंटाघर, नर्मदेव धर्मशाला और पैडी घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ एवं वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है। यातायात पुलिस ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से इन क्षेत्रों में वाहन खड़े न करें और पुलिस द्वारा निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि गणेश प्रतिमाओं को लेकर निर्धारित विसर्जन स्थल तक व्यवस्थित तरीके से पहुंचें तथा सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित न करें। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है। यातायात संबंधी किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 07577-222104 पर संपर्क किया जा सकता है।
अनंत चतुर्दशी पर बदलेगी हरदा की यातायात व्यवस्था

0 Views


