थोक मंडी में फुटकर बिक्री को लेकर विवाद

-फुटकर व्यापारियों ने कलेक्टर से की शिकायत
अनोखा तीर, हरदा। हरदा शहर में फुटकर सब्जी बेचने वाले व्यापारियों ने थोक मंडी में आम ग्राहकों को कम मात्रा में सब्जी बेचने का विरोध किया है। व्यापारियों ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन से शिकायत कर इस पर रोक लगाने की मांग की है। थोक और फुटकर व्यापारियों के बीच यह विवाद अब बढ़ता जा रहा है। फुटकर व्यापारियों का आरोप है कि थोक व्यापार का लाइसेंस रखने वाले कुछ व्यापारी मंडी परिसर में ही आम ग्राहकों को 250 ग्राम, आधा किलो और एक किलो तक सब्जियां बेच रहे हैं। उनका कहना है कि इससे तय जगहों पर दुकान लगाकर टैक्स जमा करने वाले फुटकर व्यापारियों के कारोबार पर असर पड़ रहा है।
कार्यवाही का आश्वासन
शिकायत के बाद मंडी निरीक्षक हरनारायण भिलाला और चंचलेश पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने फुटकर व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। मंडी अधिकारियों ने मामले को देखने और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। फुटकर व्यापारियों का कहना है कि जब लाइसेंस थोक कारोबार के लिए है, तो मंडी परिसर में आम ग्राहकों को 250 ग्राम, आधा किलो या एक किलो सब्जी बेचने की अनुमति किस आधार पर दी जा रही है। उनका कहना है कि मंडी में ही फुटकर बिक्री होने से बाहर दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
बोले- इसी कारोबार से परिवार चलता है
फुटकर सब्जी व्यापारी बलवंत कुशवाह ने बताया कि वे सालों से तय जगह पर दुकान लगाकर सब्जी बेच रहे हैं और नियमानुसार टैक्स भी जमा करते हैं। इसी कारोबार से परिवार का खर्च चलता है। उनका आरोप है कि थोक व्यापारियों द्वारा सीधे आम ग्राहकों को कम मात्रा में सब्जी बेचने से फुटकर दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। फुटकर व्यापारी इसराक, नदीम और मोहम्मद ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। उनका कहना है कि थोक व्यापारियों द्वारा कथित फुटकर बिक्री को लेकर पहले भी मंडी सचिव को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। फुटकर व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर कथित फुटकर बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई और समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 25 सितंबर से सामूहिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि थोक और फुटकर कारोबार की सीमा स्पष्ट की जाए और मंडी में सभी व्यापारियों के लिए नियमों का समान रूप से पालन कराया जाए।  मंडी निरीक्षक हरनारायण भिलाला ने कहा कि फुटकर व्यापारियों ने समस्या को लेकर शिकायत की है। मामले को देखा जा रहा है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

0 Views

Leave a Reply