
-शताब्दी समारोह का हुआ समापन
अनोखा तीर, हरदा। नार्मदीय ब्राह्मण समाज द्वारा धर्मशाला स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दो दिवसीय शताब्दी समारोह आयोजित किया गया। वहीं इस दौरान धर्मशाला स्थापना में महती भूमिका निभाने वाले पूर्वजों का स्मरण भी किया गया। बुधवार को गोपीकृष्ण गार्डन में सुबह शताब्दी समारोह के दूसरे एवं समापन दिवस पर अतिथियों का पंजीयन, स्वागत, पुष्पवर्षा हुई। इसके बाद स्मारिका आराध्या एक अनमोल विरासत का विमोचन हुआ। कार्यक्रम के दौरान महामंडलेश्वर 1008 ओंकारदास महाराज, करुणाधाम भोपाल के सुदेश शांडिल्य महाराज, गुरु दरबार रहटगांव से पंडित राजेश बिल्लौरे, पूर्व मंत्री मप्र शासन पीसी शर्मा, नार्मदीय ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष राजेश बड़ोले, महासभा महिला अध्यक्ष शीतल डोंगरे, महामंत्री अनुया भाटे, सुनील शर्मा खरगोन, अश्विन उपाध्याय, मुकेश शर्मा, मुख्य ट्रस्टी अशोक पाराशर, ट्रस्टी राजेंद्र गुहा, संजय काशिव, ऋषि पारे, दीपक शुक्ला उपस्थित थे। स्वागत उद्बोधन नार्मदीय ब्राह्मण समाज मंदिर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी अशोक पाराशर एवं कार्यक्रम संयोजक संदीप पाराशर ने दिया, वहीं समाज के वयोवृद्ध मधुकर बिल्लौरे ने अतिथियों को शताब्दी कलश सौंपा। कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा नर्मदाष्टक एवं गायिका संदीपा पारे ने वन्देमातरम की प्रस्तुति दी। इस दौरान अतिथियों द्वारा स्मारिका आराध्या एक अनमोल विरासत का विमोचन किया गया। संचालन अखिलेश पाराशर एवं आशीष साकल्ले ने किया, आभार संदीप पाराशर ने व्यक्त किया। अंत में बालीपुर धाम के योगेश महाराज भी उपस्थित हुए, उन्होंने कार्यक्रम की सराहना की।
हुआ समसामयिक विमर्श
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में धर्मशाला के संस्थापक सदस्यों स्थापना में मुख्य भूमिका निभाने वाले 13 महापुरुषों में रामेश्वरदास गार्गव, जगन्नाथ गुहा कडोला, मुंशी दामोदर प्रसाद पाराशर, ताराचंद दीवान बंडावाला, सीताराम दीवान पानतलाई, बाबू नाथूराम बिल्लौरे तजपुरावाले, लक्ष्मीनारायण निलोबा सराफ, मुंशी लच्छीराम सवालनवीस, बाबू कुंजीलाल नांदरा, हरलाल खजांची पानतलाई, गुलाबचंद बजाज, बाबू रामकरण लाल जोशी (नागपुर) और नाथूराम धनेसर खिड़कीवाला के परिजनों का सम्मान किया गया। इसके बाद उपस्थित वक्ताओं ने संयुक्त परिवार धारणा, महिला सशक्तिकरण, हमारी विरासत हमारी पहचान, समाज विकास के तथ्य, सामाजिक रूढ़िवादिता एवं परम्परा विषय पर अपनी बात रखी। इस दौरान कल्याणी काशिव, शिवानी उपरीत, संतोष साकल्ले, अशोक टेमले ने अपने विचार रखे।
समाजजनों की उपस्थिति में लिए संकल्प
नार्मदीय ब्राह्मण समाज मंदिर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी अशोक पाराशर ने बताया कि तृतीय सत्र में समाजजनों की उपस्थिति में वर्तमान सामाजिक परिवेश विषय पर विचार प्रवाह के बाद संकल्प लिए गए हैं। इसके चलते नर्मदा संरक्षण, शिक्षा प्रसार, संयुक्त परिवार, युवा को कैरियर मार्गदर्शन विषय पर प्रतिबद्धता जाहिर की गई।
इकाइयों का हुआ सम्मान
अंतिम सत्र में नार्मदीय ब्राह्मण समाज मंदिर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी अशोक पाराशर, ट्रस्टी राजेंद्र गुहा, संजय काशिव, ऋषि पारे, दीपक शुक्ला ने उपस्थित अतिथियों के साथ जिले की इकाइयों को एवं शताब्दी समारोह में सहयोग करने वाले दानदाताओं का सम्मान किया गया। वहीं इटारसी इकाई ने ट्रस्ट का सम्मान किया। कार्यक्रम में इंदौर, भोपाल, खरगोन, खंडवा सहित आसपास के क्षेत्र एवं देशभर से समाज के लोग पधारे।



