-6 अक्टूबर को हरदा में सजेगी काव्य की महफिल
-कमल पटेल के जन्मदिन पर मिडिल स्कूल ग्राउंड में जुटेंगे देशभर के नामचीन कवि
अनोखा तीर, हरदा। पूर्व मंत्री कमल पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन इस वर्ष भी धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। कमल सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन इस बार अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। कवि सम्मेलन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कमल सांस्कृतिक मंच के संयोजक देवीसिंह सांखला ने बताया कि 21वां अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन 6 अक्टूबर, मंगलवार को हरदा के मिडिल स्कूल ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत रात्रि 9 बजे से होगी। सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले सुप्रसिद्ध कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।
हास्य-व्यंग्य से लेकर वीर और श्रृंगार रस की होगी प्रस्तुति
कवि सम्मेलन में देश के जाने-माने कवियों एवं कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में टीवी स्टार संचालक एवं पैरोडीकार डॉ. आदित्य जैन, सुप्रसिद्ध गीतकार डॉ. राजीव राज, हास्य के जादूगर मुन्ना बैटरी, श्रृंगार रस की कवयित्री अंशु प्रिया दुबे एवं प्रीति पांडे, वीर रस के कवि मोहित सक्सेना, हास्य की अपनी अलग शैली के लिए पहचान रखने वाले डॉ. हरीश हिंदुस्तानी, पैरोडी के माध्यम से दर्शकों को गुदगुदाने वाले पार्थ नवीन तथा हास्य की फुलझड़ियां बिखेरने वाले सौरभ जयसवाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों के अनुसार अलग-अलग रस और विधाओं के कवियों की मौजूदगी के चलते इस बार भी सम्मेलन में श्रोताओं को विविध रंग देखने-सुनने को मिलेंगे। हास्य-व्यंग्य के साथ गीत, श्रृंगार, वीर रस और पैरोडी की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
कवि सम्मेलन प्रेमियों से पहुंचने की अपील
कमल सांस्कृतिक मंच के संयोजक देवीसिंह सांखला ने जिलेवासियों और कवि सम्मेलन प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कवि सम्मेलन को लेकर लोगों में उत्साह है। आयोजन के माध्यम से साहित्य और कविता के प्रति लोगों की रुचि को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों ने जिलेवासियों से 6 अक्टूबर की रात मिडिल स्कूल ग्राउंड पहुंचकर देश के नामचीन कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
विराट कवि सम्मेलन

0 Views

