टीचिंग ग्राउंड में कचरे को लेकर विवाद, गुस्साए लोगों ने रोकी कचरा गाड़ी

-कचरे में तीन से अधिक गौवंश के शव मिलने का आरोप
-जेसीबी से दबाने की बात पर भड़का आक्रोश


अनोखा तीर, हरदा। टीचिंग ग्राउंड क्षेत्र में कचरा डाले जाने और उससे फैली गंदगी को लेकर बुधवार को विवाद की स्थिति बन गई। कचरा लेकर मौके पर पहुंची गाड़ी को स्थानीय लोगों ने रोक दिया और विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार टीचिंग ग्राउंड क्षेत्र से करीब 20 गांवों के लोगों का आवागमन होता है। रास्ते पर कचरा फैले होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, क्षेत्र में फैली गंदगी और बदबू को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
कचरे में गौवंश के शव मिलने का आरोप
विवाद उस समय और बढ़ गया, जब स्थानीय लोगों ने कचरे के बीच तीन से अधिक गौवंश के शव पड़े होने का आरोप लगाया। लोगों का आरोप है कि जेसीबी की मदद से कचरे के साथ गौवंश के शवों को दबाने का प्रयास किया गया। इस आरोप के बाद मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने कचरा वाहन को रोककर विरोध प्रदर्शन किया।
चार घंटे तक अधिकारी का इंतजार
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे करीब चार घंटे से संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारी के मौके पर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन का जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लेता है, तो वे गौवंश के शवों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे।  फिलहाल गौवंश के शवों की संख्या, उनकी स्थिति और उन्हें जेसीबी से दबाए जाने के लगाए गए आरोपों की वास्तविकता प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

0 Views

Leave a Reply