पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, नई पीढ़ी के व्यवहार का हिस्सा बने 

-हरित सिंहस्थ व नदी संरक्षण को लेकर मंत्री प्रहलाद पटेल से सृष्टि सेवा संकल्प  प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट

अनोखा तीर, भोपाल। पर्यावरण संरक्षण को केवल आयोजनों और अभियानों तक सीमित न रखते हुए इसे समाज और विशेषकर नई पीढ़ी के व्यवहार का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर सृष्टि सेवा संकल्प के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से चर्चा की। भोपाल स्थित उनके आवास पर हुई भेंट के दौरान छात्र पर्यावरण संसद-2026, छात्रों एवं युवाओं के साथ निरंतर संवाद, नदियों के संरक्षण तथा हरित सिंहस्थ-2028 सहित विभिन्न पर्यावरणीय विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जबलपुर में आयोजित होने वाली छात्र पर्यावरण संसद-2026 के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरणीय विषयों पर विचार रखने, संवाद करने और समाधानपरक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर दिया जा रहा है। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि पर्यावरणीय चेतना को स्थायी बनाने के लिए छात्रों और युवाओं के साथ लगातार संवाद तथा रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्री पटेल के दीर्घकालीन पर्यावरणीय अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ छात्रों एवं युवाओं तक पहुंचाने के लिए समय-समय पर रचनात्मक एवं सृजनात्मक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इस अवसर पर सृष्टि सेवा संकल्प की आधिकारिक पत्रिका ‘सृष्टि संदेशÓ भेंट की गई। साथ ही हरित सिंहस्थ-2028 जनजागरण महाअभियान के तहत पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली और प्लास्टिक के विकल्प के संदेश के रूप में कपड़े का थैला भी भेंट किया गया। भेंट के दौरान एक आत्मीय प्रसंग भी रहा। मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सृष्टि सेवा संकल्प के राष्ट्रीय संगठन मंत्री  प्रशांत गुप्ता को अपनी स्वलिखित पुस्तक ‘परिक्रमा कृपा सारÓ भेंट की। इस अवसर पर पुस्तक के माध्यम से जुड़े उनके लेखन और अनुभवों के प्रति प्रतिनिधिमंडल ने आभार व्यक्त किया। नदियों के संरक्षण पर चर्चा के दौरान जलस्रोतों की सुरक्षा तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी विचार हुआ। इस अवसर पर सृष्टि सेवा संकल्प के राष्ट्रीय महामंत्री  रीतेश तिवारी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रशांत गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष आनंद राजपूत, पूर्वी इंदौर जिला अध्यक्ष  विनय तिवारी एवं भोपाल जिला मंत्री ओंकार डांगी उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply