35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम बेड़ी में बुधवार दोपहर 35 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह चार बच्चों का पिता था। घटना के समय उसकी पत्नी तीन बच्चों के साथ पिछले आठ दिनों से मायके गई हुई थी। घर में युवक और उसकी 8 साल की बड़ी बेटी ही थे। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर बेटी घर के बाहर खेलने गई थी। इसी दौरान युवक ने यह कदम उठा लिया। कुछ देर बाद जब बेटी घर लौटी तो उसने पिता को फंदे पर देखा। उसने तुरंत आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदा जिला अस्पताल लाया गया।
गुरुवार सुबह हुआ पोस्टमार्टम
गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। हंडिया पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, मृतक की मां भी अपने भाई के घर गई हुई थीं। उसके पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। करीब तीन साल पहले उसके छोटे भाई की भी करंट लगने से मौत हो गई थी। ऐसे में वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। पुलिस युवक के इस कदम के पीछे की वजह की जांच कर रही है। फिलहाल घटना को लेकर कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

0 Views

Leave a Reply