सेवा संकल्प अभियान…

-प्रदेश में आज दीप प्रज्ज्वलित और रक्तदान शिविरों में जनभागीदारी से करेंगे शंखनाद

अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर सेवा से संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें व्यापक जनभागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। आशीर्वाद का दीयाÓ कार्यक्रम में जिले के हंडिया में नर्मदा तट पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर हरदा के खेड़ीघाट, नगरीय निकायों के वार्डों व ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। इस दौरान जिले के 16 प्रमुख सांस्कृतिक धरोहरों और आइकॉनिक स्थलों पर भी सायं 7 बजे दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसके साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन कर एनीमिया से पीड़ित माताओं एवं गंभीर रोगियों को समयबद्ध रूप से रक्त प्रदाय किया जाएगा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने स्थानीय निकायों को निर्देशित किया कि दीप प्रज्ज्वलन के लिए तेल, दीपक, मोमबत्तियां एवं प्रकाश व्यवस्था पूर्व से ही सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर प्रमुख सार्वजनिक परिसरों को विशेष रोशनी से सजाया जाए और स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। रक्तदान शिविरों में स्वास्थ्य विभाग एवं ब्लड बैंक के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर एकत्रित रक्त का उपयोग एनीमिया से पीड़ित माताओं, गंभीर रोगियों तथा जरूरतमंद उपचाराधीन मरीजों के लिए समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर जैन ने बताया कि अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना तथा लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों को विशेष रूप से इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। लाभान्वित परिवारों के घरों और बस्तियों में दीप प्रज्ज्वलन को प्रोत्साहित कर शासन एवं समाज के मध्य अटूट सहभागिता का वातावरण निर्मित किया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply