हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हुई प्रतियोगिता

-संस्कार विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने लहराया परचम

अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, भोपाल की इकाई हरदा जिला द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें लोकगीत गायन, भाषण, चित्रांकन से शब्दांकन एवं कविता पठन प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में हरदा जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में संस्कार विद्यापीठ, हरदा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। लोकगीत गायन प्रतियोगिता में विद्यालय के वैदेही शर्मा, इशिता राजपूत, रुद्र प्रताप राजपूत एवं श्रेयांश विश्वकर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में अंबिका पाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रांकन से शब्दांकन प्रतियोगिता में श्रेया पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन किसान भवन, हरदा में नगर के साहित्य प्रेमियों, साहित्य-मर्मज्ञों एवं वरिष्ठजनों की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हरदा इकाई के प्रकाश जांगरे, ज्ञानेश चौबे, सुनील बागरे, श्रीमती अंजू भायरे इत्यादि शामिल थे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति अपनी रुचि और रचनात्मकता का परिचय दिया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्कार विद्यापीठ के प्रबंधक नटवर पटेल एवं नवनीत पटेल, प्राचार्या राजेश्वरी गीते तथा उप-प्राचार्य दिलीप पाटीदार ने सभी विजयी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में रुचि, अभिव्यक्ति-कौशल एवं साहित्यिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने वाली ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संस्कार विद्यापीठ भविष्य में भी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए निरंतर ऐसे अवसर उपलब्ध कराता रहेगा।

0 Views

Leave a Reply