सरस्वती विद्या मंदिर की अटल टिंकरिंग लैब प्रदेश में अग्रणी

-सॉफ्ट रोबोटिक्स पर हुई वर्कशॉप

अनोखा तीर, टिमरनी। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर में नीति आयोग भारत सरकार द्वारा प्रदत्त अटल टिंकरिंग लैब संपूर्ण मध्यप्रदेश में सबसे अधिक कार्यशील लैब की श्रेणी में अग्रणी है। नवाचारों को जानने एवं उन पर कार्य करने के लिए लैब के छात्र हमेशा उत्साहित रहते हैं। इसी क्रम में मैनिट भोपाल के मैकेनिकल विभाग में सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपक कुमार के द्वारा अटल टिंकरिंग लैब के सक्रिय छात्रों के लिए सॉफ्ट रोबोटिक्स विषय पर एक ऑनलाइन वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों को सॉफ्ट रोबोटिक्स के लिए उपयोग किए जाने वाले मटेरियल एवं उनके अनुप्रयोगों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ. दीपक कुमार भारत सरकार के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन से प्राप्त प्रोजेक्ट सॉफ्ट रोबोटिक्स पर प्रधान अन्वेषक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने छात्रों को 3 डी प्रिंटिंग की सहायता से मोल्ड तैयार करने के विषय में भी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथि परिचय लैब के इंचार्ज एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर चेतन सोलंकी ने किया। वर्कशॉप के दौरान अटल टिंकरिंग लैब की को-ऑर्डिनेटर डॉ. मेधा विवेक भुस्कुटे एवं विद्यालय के प्राचार्य बसंत पटेल भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे। वर्कशॉप के अंत में आभार छात्रा यशिका कुशवाहा ने माना।

0 Views

Leave a Reply