अनोखा तीर, हरदा। महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण माह कार्यक्रम के तहत परियोजना हरदा शहरी सेक्टर क्र. 2 के आंगनबाड़ी केंद्र 24 वार्ड 13 में पोषण माह के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी थीम के तहत यह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जन-जागरूकता के माध्यम से कुपोषण को दूर करना है। कार्यक्रम के दौरान केंद्र पर स्थानीय एवं क्षेत्रीय खाद्य सामग्री तथा विभिन्न खाद्य समूहों के पौष्टिक आहार की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी के माध्यम से उपस्थित गर्भवती व धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं और 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों की माताओं को पर्याप्त प्रोटीन व विटामिंस के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्हें बताया गया कि कैसे कम लागत में स्थानीय और मौसमी फलों व सब्जियों से संपूर्ण पोषण प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को सुरुचिपूर्ण ढंग से तैयार किया गया गर्म और ताजा नाश्ता व भोजन खिलाया गया। इसके साथ ही बच्चों और उनकी माताओं को भोजन में मौजूद प्रोटीन और विटामिन के फायदों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक रेखा गौर, वार्ड पार्षद संजय दिशोरे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रानी शर्मा सहित वार्ड की महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्र पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0 Views




