बिजली बिल बकाया होने से नलजल योजना का कनेक्शन कटा

-पांच दिन से बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण

अनोखा तीर, सिराली। ग्राम पंचायत पीपल्या की नलजल योजना पर बिजली बिल का बकाया भारी पड़ गया है। बिजली कंपनी द्वारा बकाया बिल का भुगतान नहीं होने पर नलजल योजना का बिजली कनेक्शन काट दिया गया, जिसके बाद गांव में पिछले पांच दिनों से पेयजल सप्लाई ठप है। भीषण जल संकट के बीच ग्रामीणों को पानी के लिए टैंकर और निजी जलस्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है। गांव में पानी की नियमित आपूर्ति के लिए बनी नलजल योजना का संचालन बिजली पर निर्भर है। बिजली कनेक्शन कटने के बाद पानी की टंकी से होने वाली सप्लाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है, जो पेयजल के लिए पंचायत की नलजल योजना पर निर्भर हैं।
जलकर वसूली में लापरवाही बनी परेशानी की वजह
ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत में नलजल योजना का लाखों रुपए जलकर बकाया है। समय पर जलकर की वसूली नहीं होने के कारण पंचायत पर बिजली बिल का भार बढ़ता गया। अब बिजली बिल जमा नहीं होने से कनेक्शन कट गया और इसका खामियाजा पूरे गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब पंचायत द्वारा घर-घर नल कनेक्शन देकर जलकर लिया जाता है, तो उसकी नियमित वसूली कर बिजली बिल का भुगतान भी समय पर किया जाना चाहिए। वसूली में लापरवाही का असर अब सीधे ग्रामीणों के पेयजल अधिकार पर पड़ रहा है।
पांच दिन से पानी के लिए भटक रहे लोग
नलजल योजना बंद होने के बाद ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कुछ लोग निजी बोरवेल और अन्य जलस्रोतों से पानी जुटा रहे हैं, जबकि जरूरतमंद परिवारों को टैंकर के पानी का इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत से जल्द बिजली बिल जमा कर नलजल योजना शुरू कराने की मांग की है।

0 Views

Leave a Reply