-अब तहसील नहीं, गांव में ही बन रहे बच्चों के आधार
अनोखा तीर, रहटगांव। वनांचल क्षेत्र के ग्राम मालेगांव में ग्रामीणों की सुविधा के लिए तीन दिवसीय आधार कैम्प का आयोजन किया गया है। पहले आधार कार्ड बनवाने के लिए ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब गांव के पास ही यह सुविधा मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। आईपीपीबी मैनेजर हरदा चंद्रकांत ने बताया कि कैम्प में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के नए आधार कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं। साथ ही आधार में मोबाइल नंबर जोड़ने का कार्य 75 रुपये शुल्क में और पोस्ट ऑफिस में खाते खोलने का कार्य भी किया जा रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं सरपंच प्रतिनिधि सतीश इवने ने बताया कि मालेगांव वनांचल क्षेत्र है। गांव में बीएसएनएल का नेटवर्क तो है, लेकिन इंटरनेट स्पीड नहीं होने से आधार का कार्य नहीं हो पाता। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर चाम्पाघाट में जियो का नेटवर्क मिलता है, इसलिए वहीं कैम्प आयोजित किया गया है। मेरे आग्रह पर डाक विभाग द्वारा यह कैम्प लगाया गया है। इस कैम्प से बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए डाक विभाग एवं सरपंच प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया है।





