टिमरनी एवं रहटगांव में माटी गणेश निर्माण का प्रशिक्षण आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। पर्यावरण संरक्षण के लिए इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र द्वारा माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह अभियान चल रहा है। इसका उद्देश्य हर घर गणेश, घर-घर गणेश की भावना को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इसी क्रम में टिमरनी के शासकीय भाऊसाहब भुस्कुटे महाविद्यालय में जन अभियान परिषद, नर्मदा समग्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय माटी गणेश निर्माण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों तथा सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। नर्मदा समग्र के उत्तम सिंह राजपूत एवं गोपाल कृष्ण गुर्जर ने प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. जे.के. जैन, डॉ. अरुण सिकरवार, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक संदीप गौहर, ब्लॉक समन्वयक अनुपम भारद्वाज, प्रोफेसर पटवा, मीनाक्षी यादव, डॉ. सुनीत काशिव सहित स्टाफ उपस्थित रहा। जन अभियान परिषद के नवांकुर प्रतिनिधि मधुर भारद्वाज, अमित माहुले सहित गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। संचालन प्रोफेसर नीता गौर ने किया। प्राचार्य डॉ. जे.के. जैन ने कहा कि मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं परंपरा से जुड़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती हैं। प्रोफेसर अरुण सिकरवार ने कहा कि इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं से जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलती है। जिला समन्वयक संदीप गौहर ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य रासायनिक पदार्थों से निर्मित प्रतिमाओं के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
रहटगांव में भी हुआ प्रशिक्षण
रहटगांव के शासकीय कन्या हाईस्कूल में सेक्टर स्तरीय माटी गणेश निर्माण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं एवं नवांकुर सखियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि बताई गई। कार्यक्रम में प्राचार्य सिद्धार्थ जोशी, प्राचार्य मनोज मिंज, शिक्षक श्रवण जोशी, शैलेंद्र राजपूत, प्रदीप मालवीय सहित प्रस्फुटन समिति की कमला गौर, अनीता एवं कोमल दीदी उपस्थित रहीं।

0 Views

Leave a Reply