-छात्राओं को दी गुड टच-बैड टच और बाल विवाह की जानकारी
अनोखा तीर, हरदा। जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा के नेतृत्व में चाइल्ड लाइन 1098 प्रचार-प्रसार जागरूकता अभियान 2026 के तहत बुधवार को शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करताना व शासकीय माध्यमिक विद्यालय तजपुरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 8 सितंबर को सिराली के पीएम श्री शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में चाइल्ड लाइन टीम की सदस्य दिव्या राजपूत ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि यदि लड़के की उम्र 21 वर्ष और लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम है तो उनका विवाह कानूनन बाल विवाह की श्रेणी में आता है। इससे बच्चों की शिक्षा रुक जाती है, घरेलू हिंसा बढ़ती है, मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर सीमित हो जाते हैं। चाइल्ड लाइन के आशीष जोशी ने बालश्रम के बारे में बताया कि बाल मजदूरी बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए हानिकारक है। इससे शिक्षा का अधिकार छिन जाता है और बच्चे कुपोषण व गंभीर बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। रविराज राजपूत ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1098 महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तहत संचालित टोल-फ्री आपातकालीन नंबर है, जो मुसीबत में फंसे बच्चों की मदद के लिए चौबीस घंटे काम करता है। इस पर बाल विवाह, बाल मजदूरी या किसी भी प्रकार के शोषण की शिकायत की जा सकती है। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल के प्राचार्य, स्टाफ और बच्चे उपस्थित रहे।





