जिला चिकित्सालय में गंदगी फैलाने पर हो सख्त कार्यवाही

अनोखा तीर, हरदा। जिला चिकित्सालय में मरीजों के अटेंडरों की बढ़ती आवाजाही और परिसर में फैल रही गंदगी को देखते हुए अटेंडरों के लिए पास सिस्टम लागू किया जाना चाहिए। अस्पताल के मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी लगाकर अंदर आने वाले अटेंडरों की निगरानी की जाए और गुटखा-तंबाकू के पाउच अस्पताल परिसर में ले जाने पर रोक लगाई जाए। वर्तमान में जिला चिकित्सालय परिसर में जगह-जगह गुटखा-तंबाकू के पाउच पड़े दिखाई देते हैं। कई स्थानों पर लोगों द्वारा थूके जाने से भी गंदगी बनी रहती है। स्टाफ द्वारा जब लोगों को गुटखा-तंबाकू खाने या परिसर में थूकने से मना किया जाता है तो कई बार उनके साथ बदतमीजी की जाती है और झूठी शिकायत करने की धमकी तक दी जाती है। ऐसे में अस्पताल के कर्मचारियों के लिए भी व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो रहा है। अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि यहां मरीजों के साथ उनके परिजन और अटेंडर भी लगातार मौजूद रहते हैं। प्रशासन से अपील है कि जिला चिकित्सालय में अटेंडरों के लिए पास सिस्टम लागू किया जाए, मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी लगाई जाए और गुटखा-तंबाकू के पाउच अंदर ले जाने व परिसर में थूकने पर सख्ती से रोक लगाई जाए। इससे अस्पताल की सफाई व्यवस्था बेहतर होने के साथ मरीजों को भी स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।

0 Views

Leave a Reply