पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम 16 सितंबर को

अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के एमएसएमई विकास कार्यालय इंदौर द्वारा जिला प्रशासन हरदा के सहयोग से पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 16 सितंबर 2026 बुधवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा के सभागृह में प्रात: 10 बजे से आयोजित होगा। इस जागरूकता कार्यक्रम में पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पंजीकृत लाभार्थी सीधे शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए लाभार्थियों को अपना पीएम विश्वकर्मा आईडी कार्ड लाना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंजीकृत कारीगरों और शिल्पकारों को आधुनिक तकनीकों और शासकीय योजनाओं से जोड़कर सशक्त बनाना है। कार्यशाला के दौरान लाभार्थियों को आधुनिक तकनीक और व्यापार विस्तार के तहत विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग और उत्पादों के निर्यात से जुड़ी प्रक्रिया, वित्तीय एवं व्यावसायिक सहायता अंतर्गत उद्यमिता विकास, वित्तीय सहायता, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ने के तरीके, टूलकिट प्रोत्साहन और कौशल प्रशिक्षण तथा केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर एमएसएमई विकास कार्यालय इंदौर, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, अग्रणी बैंक, भारतीय डाक विभाग, हथकरघा विभाग तथा शासकीय आईटीआई/पॉलिटेक्निक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। अधिकारीगण उपस्थित लाभार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे एवं योजना से जुड़ी उनकी समस्याओं व शंकाओं का मौके पर ही निराकरण करेंगे। जिला प्रशासन एवं एमएसएमई विकास कार्यालय ने हरदा जिले के सभी पंजीकृत पीएमविश्वकर्मा लाभार्थियों से अपील की है कि वे समय पर उपस्थित होकर इस नि:शुल्क जागरूकता कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

0 Views

Leave a Reply