19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक एल्बेंडाजॉल गोली

अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 22 सितंबर को मनाया जाएगा और इस दिन 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई जाएगी। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सभी शासकीय, अशासकीय, निजी एवं अनुदान प्राप्त शालाओं, आदिवासी आश्रम शालाओं, छात्रावास एवं आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एच.पी. सिंह ने बताया कि 22 सितंबर को मुख्य दिवस एवं छूटे हुए बच्चों को 25 सितंबर को मॉपअप राउंड में यह गोली खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली और 2 से 19 वर्ष के बच्चों को एक गोली चबाकर पानी के साथ खिलाई जाएगी। साथ ही 20 से 49 वर्ष की ऐसी महिलाओं को, जो कि गर्भवती एवं धात्री नहीं है, उन्हें भी आंगनवाड़ी केंद्र पर गोली खिलाई जाएगी। सीएमएचओ सिंह ने बताया कि कृमि होने से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास अवरुद्ध हो जाता है। यह कृमि कई कारणों से बच्चे के पेट में पहुंच सकते हैं, जैसे कि नंगे पैर खेलने, बिना हाथ धोए खाना खाने, खुले में शौच करने, साफ-सफाई न रखने से होते हैं और कृमि होने से खून की कमी (एनीमिया), कुपोषण, भूख न लगना, थकान और बेचैनी, पेट में दर्द, उल्टी और दस्त आना, मल से खून आना आदि हानिकारक प्रभाव पड़ते हैं। बच्चों को कृमिनाशक गोली खिलाने से कई तरह के लाभ होते हैं, जैसे खून की कमी में सुधार आना, बेहतर पोषण स्तर में सुधार और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है।

0 Views

Leave a Reply