एनसीटीईटी परीक्षा उत्तीर्ण कर दिव्यांश बामने ने बढ़ाया हरदा का गौरव

अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मेधावी छात्र दिव्यांश बामने ने लगातार दूसरी बड़ी सफलता हासिल कर हरदा जिले का नाम रोशन किया है। दिव्यांश ने एनसीटीईटी परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के साथ ही प्रतिष्ठित हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर (उत्तराखंड) में आईटीपी डिग्री के लिए प्रवेश प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। दिव्यांश ने इसी वर्ष कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इसके साथ ही उन्होंने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया। विशेष बात यह रही कि उन्होंने यह सफलता किसी बड़े शहर या महंगे कोचिंग संस्थान की मदद के बिना हरदा में रहकर महर्षि ज्ञानपीठ में अध्ययन करते हुए हासिल की। विद्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में जूनियर विद्यार्थियों ने दिव्यांश का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के अनुभवी शिक्षकों और नियमित अध्ययन को देते हुए कहा कि यदि विद्यार्थी शिक्षकों के मार्गदर्शन का ईमानदारी से पालन करें तो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करना कठिन नहीं है। उन्होंने कहा कि महर्षि ज्ञानपीठ में विषयों की गहराई से पढ़ाई कराई जाती है, जिससे बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी सहज हो जाती है। दिव्यांश ने विशेष रूप से देवी सर, महेंद्र सर एवं मीणा सर के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रेरणा ने उन्हें लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने महर्षि ज्ञानपीठ परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा। इस अवसर पर संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत, प्राचार्या कामना राजपूत, वाइस प्रिंसिपल जहीर खान सहित समस्त शिक्षकों ने दिव्यांश को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अन्य विद्यार्थियों से भी उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। दिव्यांश बामने की यह उपलब्धि न केवल महर्षि ज्ञानपीठ, बल्कि पूरे हरदा जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई सफलताएं हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

0 Views

Leave a Reply