अनोखा तीर, सोडलपुर। सावन माह के पहले सोमवार पर सोडलपुर सहित आसपास के क्षेत्र के शिवालयों एवं शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। दोपहर तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध एवं पंचामृत से अभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और फल अर्पित किए तथा परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में पूरे दिन शिव मंत्रों और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। वहीं, कई श्रद्धालुओं ने अपने घरों में पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। पंडितों के सान्निध्य में रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन भी संपन्न हुआ। सावन के पहले सोमवार पर पूरे क्षेत्र में दिनभर श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला।
सावन के पहले सोमवार शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

2 Views




