-जिला अस्पताल पहुंचते ही मौत
अनोखा तीर, हरदा। जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मोगराढाना में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पांच माह की गर्भवती महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर में काम कर रही थी, तभी छत पर लगे कबेलू से एक जहरीला सांप उसके सिर पर आ गिरा और बीच सिर में डंस लिया। जिला अस्पताल लाने के कुछ ही देर बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतका यशोदा बाई (30) पत्नी सीताराम यादव निवासी मोगराढाना थी। दोपहर करीब दो बजे वह घर में अपने ढाई वर्षीय बेटे के साथ अकेली थी। इसी दौरान छत से गिरे सांप ने उसे डंस लिया। घटना के बाद महिला ने घर से कुछ दूरी पर जाकर अपने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने के कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। सोमवार शाम जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रहटगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति सीताराम यादव ने बताया कि वह मजदूरी करने गया था, जबकि उसकी मां स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने गई थीं। घर पर केवल उसकी पत्नी और ढाई साल का बेटा मौजूद थे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी पांच माह की गर्भवती थी। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्राम टेमरूबहार के सरपंच मनोज उईके ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वन क्षेत्र से लगे इलाकों में सर्पदंश की घटनाएं अक्सर होती हैं। ऐसे में रहटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका कहना है कि मरीजों को करीब 65 से 70 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल लाना पड़ता है, जिससे उपचार में देरी होने पर जान का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश उपचार की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है।
घर की छत से गिरे जहरीले सांप ने गर्भवती महिला को डंसा

0 Views




