– कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री, अफसर इलेक्ट्रॉनिक बस से गये
अनोखा तीर, भोपाल। प्रदेश के मुखिया अपने मुख्यमंत्री आवास से निकले और वाहनों का काफिला ना हो यह कैसे संभव है। लेकिन आज ऐसा ही हुआ, वह भी केवल अकेले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ही नहीं बल्कि उनके मंत्री मंडल के सभी मंत्री और प्रदेश के प्रशासनिक मुखिया सहित उनकी पूरी टीम बिना किसी ताम-झाम के बस में सवार होकर अपने गंतव्य स्थान पहुंचीं। अवसर था ग्राम जगदीशपुर में आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक में शामिल होने का। जनता के धन का सदउपयोग तथा ईंधन की बजत के साथ ही फिजूलखर्ची तथा झांकी बाजी से हटकर सादगी से सेवा का संदेश भी इस तरह मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया। आज प्रदेश में शासकीय संसाधनों के मितव्ययी उपयोग और सुशासन की भावना को साकार करते हुए कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री एवं मंत्रिपरिषद के समस्त सदस्यों ने एक अनुकरणीय पहल की। सभी ने अपने शासकीय वाहन, सुरक्षा काफिला (पायलट, फॉलो वाहन आदि) सीएम हाउस में ही छोड़कर सामूहिक रूप से इलेक्ट्रिक बस द्वारा कैबिनेट बैठक स्थल जगदीशपुर के लिए प्रस्थान किया। इसके लिए सभी मंत्रीगण अपने स्टाफ सहित प्रात: 10 बजे सीएम हाउस पहुंच गए थे। यहां से मुख्यमंत्री सहित सभी तीन इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से सामूहिक रूप से बैठक स्थल के लिए रवाना हुए। इस दौरान मंत्रियों के व्यक्तिगत वाहन, पायलट और फॉलो वहन जैसी सुविधाएं सीएम हाउस में ही छोड़ दी गई। इसी क्रम में कैबिनेट बैठक में सम्मिलित होने वाले वरिष्ठ अधिकारीगण भी अपने वाहनों को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में छोड़कर प्रात: 10 बजे एकत्रित होकर इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से सामूहिक रूप से बैठक स्थल पहुंचें।
इस पहल से न केवल ईंधन एवं शासकीय संसाधनों की बचत का संदेश दिया गया, बल्कि यह मुख्यमंत्री की उस सोच को भी परिलक्षित करता है जिसके अंतर्गत वह शासन के हर स्तर पर सादगी, मितव्ययिता और जनता के धन के विवेकपूर्ण उपयोग को प्राथमिकता देने की बात कहते हैं।





