राधेश्याम का पत्नी से लंबे समय से चल था रहा विवाद
अनोखा तीर, देवास। रविवार सुबह विजयागंज मंडी थाना क्षेत्र में मां-बेटे के संदिग्ध हालात में शव मिले हैं। 45 वर्षीय राधेश्याम और उनकी 70 वर्षीय मां उमराव बाई के शव लसुल्डिया नरसला काकड़ गांव के पास कच्ची सड़क पर पड़े मिले। दोनों शवों के पास उनकी बाइक खड़ी थी, जिस पर रखी एक बोतल में जहरीला पदार्थ मिला। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस प्रथम दृष्टया जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका मान रही है, लेकिन आत्महत्या मानकर नहीं चल रही। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। रविवार सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास कच्ची सड़क पर महिला और पुरुष के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी सुनीता कटारे टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर बाइक के साथ एक पानी की बोतल मिली, जिसमें जहरीला पदार्थ होने की आशंका है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के मुताबिक राधेश्याम का पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी कारण वह पिछले चार-पांच महीने से अपनी मां उमराव बाई के साथ इंदौर के पास सिरोदे गांव में बहन पप्पूबाई के घर रह रहा था। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह मां के साथ शिप्रा जाने की बात कहकर निकला था। रात में परिजनों से उसकी बात भी हुई, लेकिन उसके बाद दोनों का मोबाइल बंद हो गया। रविवार सुबह दोनों के शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस आत्महत्या, पारिवारिक विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा।
मां-बेटे के शव मिले, जहर की बोतल बरामद

0 Views



