सुबह 9 बजे महाआरती के बाद होगा शुभारंभ
अनोखा तीर, हरदा। भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा गुरुवार, 16 जुलाई को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। रथ यात्रा का शुभारंभ प्रात: 9 बजे महाआरती के पश्चात होगा। आयोजन को लेकर श्री जगन्नाथ मंदिर रथ यात्रा समिति द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति के अनुसार रथ यात्रा जगदीश मंदिर, नरसिंह वार्ड से प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। निर्धारित मार्ग में घंटाघर, नगर पालिका चौराहा, चांडक चौराहा, पोस्ट ऑफिस, गणेश मंदिर, जैसानी चौक और नामदेव धर्मशाला शामिल हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना एवं पुष्पवर्षा की जाएगी। रथ यात्रा समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि श्रद्धालु स्वयं भगवान जगन्नाथ जी के रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकते हैं। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, जयघोष और धार्मिक वातावरण से पूरा शहर भक्तिमय रहेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां भी की जा रही हैं। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से समय पर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन करने और रथ यात्रा में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथजी की रथ यात्रा

0 Views




