अनोखा तीर, हरदा। भारतीय किसान संघ का मूंग खरीदी की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को दसवें दिन भी जारी रहेगा। संगठन ने घोषणा की है कि धरने के दसवें दिन किसान रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मुख्यमंत्री राहत कोष में हरदा जिले के किसानों की ओर से प्रतीकात्मक रूप से 1 क्विंटल 20 किलो मूंग भेंट करेंगे। भारतीय किसान संघ ने बताया कि धरने के 11वें दिन किसान हंडिया पहुंचकर नर्मदा नदी में जल सत्याग्रह करेंगे। संगठन का कहना है कि किसानों की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और मूंग की खरीदी बढ़ाने के लिए संघर्ष किया जाएगा। धरने के नौवें दिन हंडिया तहसील के किसानों ने प्रदर्शन कर आंदोलन को समर्थन दिया। भारतीय किसान संघ ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 क्विंटल 20 किलो मूंग भेंट करेगा किसान संघ

0 Views




