-एल.जी. बलवटे की स्मृति में आयोजित चेस टूर्नामेंट में 66 खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल
अनोखा तीर, हरदा। डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन द्वारा रविवार को एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, टिमरनी में नवां एल.जी. बलवटे मेमोरियल चेस टूर्नामेंट आयोजित किया गया। यह प्रतियोगिता स्कूल संचालक सचिन बलबटे के दादाजी एल.जी. बलवटे की स्मृति में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों ने सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि हमें हमेशा जीतने के लिए खेलना चाहिए और यदि हार भी जाएं तो निराश हुए बिना दोबारा जीतने के लिए प्रयास करना चाहिए। डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक जैन ने कहा कि चेस से एकाग्रता बढ़ती है तथा एकाग्रता से मस्तिष्क का विकास होता है। प्रतियोगिता में कुल 66 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के 32 तथा ओपन वर्ग के 34 खिलाड़ी शामिल हुए। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक जैन, मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी, कोषाध्यक्ष सत्यम बंसल, सहसचिव राम निवास जाट, राजेश गौर, गणेश पटेल, मनमोहन कुशवाह, विरेन्द्र गुहा, संजीव सलवटे, प्राचार्य आशीष त्रिपाठी सहित खिलाड़ियों के अभिभावक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सचिन बलबटे ने अपने पिताजी राम कृष्ण बलबटे के साथ दादाजी की स्मृति में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने एसोसिएशन को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
अंडर-14 वर्ग के परिणाम
प्रथम स्थान आरियन सोलंकी (खंडवा), द्वितीय स्थान शिवांश पाराशर (हरदा), तृतीय स्थान आलोकिक राय, चतुर्थ स्थान उत्कर्ष पाल (खंडवा), पांचवां स्थान आरव श्रीवास्तव, छठवां स्थान रणबीर सिंह, सातवां स्थान शिवांश गौर एवं आठवां स्थान आदेश साहू ने प्राप्त किया।
ओपन वर्ग के परिणाम
प्रथम स्थान सागर पाहुजा (बुरहानपुर), द्वितीय स्थान अक्षय तोमर (खंडवा), तृतीय स्थान सत्यम थम्बारे (बुरहानपुर), चतुर्थ स्थान भूपेश विश्वकर्मा (बुरहानपुर), पांचवां स्थान सिद्धार्थ जैन, छठवां स्थान स्वरित राठौर (खंडवा), सातवां स्थान मनमोहन कुशवाहा तथा आठवां स्थान यश पचौरी ने प्राप्त किया। सहसचिव राम निवास जाट ने आभार व्यक्त किया।
कुपोषित बच्चों को मिलेगी सहायता, 51 पौधों का किया रोपण
फोटो ३१
जिला चेस एसोसिएशन द्वारा इस अवसर पर सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में भी विशेष पहल की गई। एसोसिएशन एवं बलबटे परिवार की ओर से दो तथा डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन की ओर से तीन कुपोषित बच्चों को गोद लेने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत बच्चों को आवश्यक सामग्री एवं पोषण किट उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतियोगिता के दौरान पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। खिलाड़ियों, अभिभावकों, अतिथियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने 51 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला चेस एसोसिएशन का उद्देश्य खेल, सामाजिक सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।





