कानून के प्रति जागरूक बनें विद्यार्थी

-कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट में विधिक साक्षरता शिविर संपन्न

अनोखा तीर, हरदा। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन एवं प्रधान जिला न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में बुधवार को आईकॉन कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट, हरदा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चंद्रशेखर राठौर ने बताया कि बाल अधिकार जागरूकता अभियान के अंतर्गत बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान बच्चों के अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बाल यौन शोषण, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने ‘नालसा डॉन स्कीम-2025Ó की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा नशा उन्मूलन के लिए शुरू की गई पहल है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं एवं किशोरों में नशीले पदार्थों के उपयोग के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना तथा नशे से प्रभावित लोगों को कानूनी सहायता एवं कल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। राठौर ने नालसा की ‘नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक सेवाएं योजना-2015Ó के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत ड्रग्स तस्करी एवं ड्रग्स पीड़ितों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। योजना के माध्यम से नशा पीड़ितों की पहचान, उपचार तथा नशामुक्ति के बाद उनके पुनर्वास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। शिविर में यातायात नियमों, साइबर अपराध से जुड़े तथ्यों, नालसा एवं सालसा की विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1098 एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी भी विद्यार्थियों को प्रदान की गई। कार्यक्रम में बताया गया कि कोई भी पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा अथवा अन्य विधिक सेवा संस्थानों में उपस्थित होकर, पत्र के माध्यम से, नालसा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर अथवा नालसा हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर विधिक सहायता एवं सलाह प्राप्त कर सकता है। शिविर में कोचिंग सेंटर के संचालक नवनीत गौर, विद्यार्थीगण एवं पैरालीगल वॉलेंटियर सुनीता साहू उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply