दिव्यांगजनों के लिए विशेष विधिक साक्षरता शिविर 13 जून को

अनोखा तीर, हरदा। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में 13 जून को एडीआर भवन, जिला न्यायालय परिसर हरदा में श्रवण एवं वाक् बाधित दिव्यांगजनों के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का ऑनलाइन शुभारंभ प्रात: 10.30 बजे माननीय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति के करकमलों से किया जाएगा। शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य श्रवण एवं वाक बाधित दिव्यांगजन, उनके परिजनों, विशेष शिक्षकों, सांकेतिक भाषा विशेषज्ञों, शासकीय विभागों, अशासकीय संस्थाओं एवं अन्य संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें उनके विधिक अधिकारों, उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं तथा विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित हितधारकों एवं दिव्यांगजनों से शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ लेने की अपील की है।

16 Views

Leave a Reply