अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के द्वारा वर्तमान में प्रयोगात्मक तौर पर अंडर-13 और अंडर-15 मल्टी डे इंटर डिवीजन टूर्नामेंट में दो अतिरिक्त टीमें शामिल करने का प्रस्ताव है। इसके लिए सभी संभाग स्तर पर ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें अंडर-13 और अंडर-15 के खिलाड़ी शामिल होंगे। जानकारी देते हुए नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि उक्त ट्रायल 11 से 13 जून तक नर्मदापुरम एमपीसीए ग्राउंड पर होंगे, जिसमें बैतूल, हरदा एवं नर्मदापुरम जिले के खिलाड़ी भाग लेंगे। अंडर-13 वर्ग हेतु जिन खिलाड़ियों का जन्म 1 सितंबर 2013 से 31 अगस्त 2016 के बीच हुआ है, तथा अंडर-15 वर्ग हेतु 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2013 के बीच जन्मे खिलाड़ी पात्र होंगे। अंडर-13 के खिलाड़ी 11 जून को तथा अंडर-15 के खिलाड़ी 12 जून को प्रात: 8 बजे एमपीसीए ग्राउंड नर्मदापुरम में अपनी उपस्थिति दर्ज कर ट्रायल में भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों को डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट की फोटो कॉपी साथ लाना अनिवार्य होगा। एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी मेंबर अनुराग मिश्रा ने बताया कि मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन दो आयु वर्गों में दो अतिरिक्त टीमों को शामिल करने पर विचार कर रहा है, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अवसर मिल सके और प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक अतिरिक्त मंच प्राप्त हो। यह चयन प्रक्रिया एमपीसीए के चयनकर्ता अंकित श्रीवास्तव एवं प्रवीण लोगरस द्वारा सम्पन्न की जाएगी। इस चयन प्रक्रिया के लिए नितेश राजपूत समन्वयक रहेंगे। नर्मदापुरम के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की अपील की है।

