प्रगतिरत उप स्वास्थ्य केंद्रों को शीघ्र पूर्ण कर क्रियाशील करने के सख्त निर्देश
—
दूरस्थ ग्राम टिटवी में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
भीमपुर ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने ग्राम टिटवी में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। चौपाल में ग्राम पोटला एवं गोडीदाह में नल-जल योजना के सुचारू संचालन नहीं होने की शिकायत पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ठेकेदार को एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण कर योजना चालू करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अगले तीन माह तक पंप ऑपरेटर की व्यवस्था ठेकेदार द्वारा सुनिश्चित करने तथा ग्राम के इच्छुक युवाओं को प्रशिक्षित कर स्थानीय स्तर पर पंप संचालन की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए।
ग्राम में आंगनवाड़ी भवन की मांग पर उन्होंने सकारात्मक समाधान करने के निर्देश दिए। पंचायत मद की राशि के उपयोग की कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए ग्राम पोथली में स्कूल के अतिरिक्त भवन निर्माण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पेंशन संबंधी समस्याओं पर भी ग्रामीणों से चर्चा की। बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं होने से पेंशन मिलने में आ रही दिक्कतों पर ऐसे सभी हितग्राहियों को चिन्हित कर समस्या का समाधान कर पेंशन सुचारू करने के निर्देश उप संचालक सामाजिक न्याय को दिए। ग्राम कमोद में पेयजल समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा कर ग्रामों सहित पूरे भीमपुर ब्लॉक में आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। सिकल सेल स्क्रीनिंग के लिए डोडाजाम, खेरा, मोहटा और टिटवी में विशेष शिविर आयोजित कर जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने प्रगतिरत तीनों उप स्वास्थ्य केंद्रों के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर उन्हें क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। ग्राम चिल्लोर में नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को शीघ्र प्रारंभ करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहटा में पदस्थापना कर सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
ग्राम कोटला मार्ग पर बारिश के दौरान कटाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पीएमजीएसवाई को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। चौपाल में उप संचालक कृषि द्वारा किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, ई-टोकन प्रणाली से खाद प्राप्त करने तथा प्राकृतिक खेती के महत्व की जानकारी दी गई। किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती से लाभान्वित किसानों के खेतों का भ्रमण अन्य किसानों को कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर बाशिंदा के सूखाढाना में स्कूल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा ग्राम चिल्लौर में 11 केवी विद्युत लाइन को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
चौपाल के दौरान ग्रामों के लिए नियुक्त जिला अधिकारियों द्वारा भ्रमण के दौरान चिन्हित समस्याओं की समीक्षा कर उनके निराकरण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसडीएम श्री अजीत मरावी, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री गौतम अधिकारी, उप संचालक पशुपालन श्री सुरजीत सिंह, उप संचालक कृषि, जनपद सीईओ भीमपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

