अनोखा तीर, भोपाल। रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं स्टेशन परिसरों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भोपाल मंडल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्टेशन परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरा प्रणाली के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जा रही है। विगत तीन दिनों के दौरान रेल यात्रियों का सामान चोरी करने अथवा चोरी का प्रयास करने वाले कुल 11 संदिग्ध व्यक्तियों को रेल सुरक्षा बल द्वारा पकड़ा गया। इनमें से दो व्यक्तियों के विरुद्ध जीआरपी थाना भोपाल द्वारा बीएनएसएस की धारा 170 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। शेष नौ आरोपियों के विरुद्ध रेल अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई कर उन्हें माननीय रेलवे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय द्वारा उन्हें 2500 रुपये के अर्थदंड एवं 30 दिन के कारावास से दंडित किया गया। रेल यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खान-पान सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेल सुरक्षा बल एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से स्टेशन स्थित स्टॉलों एवं खान-पान इकाइयों का निरीक्षण भी किया गया। जांच के दौरान वाणिज्यिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। रेल सुरक्षा बल के अनुसार वर्ष 2026 में मई माह तक भोपाल पोस्ट द्वारा वाणिज्यिक नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 591 वेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि रेल यात्रियों की सुरक्षा, चोरी की घटनाओं की रोकथाम तथा अधिकृत वेंडरों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण खान-पान सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए रेल सुरक्षा बल एवं वाणिज्य विभाग का संयुक्त अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने यात्रियों से भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेल सुरक्षा बल को देने की अपील की।
—————————–

