अनोखा तीर, करताना। बस स्टैंड क्षेत्र में छिपानेर से हरदा की ओर रेत लेकर जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य वाहन चालक सड़क पर ही वाहन खड़े कर चले जाते हैं। इसके चलते हरदा-छिपानेर मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसी को देखते हुए रविवार को पुलिस द्वारा सड़क पर खड़े वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि वे अपने वाहन सड़क पर खड़े न करें। साथ ही सड़क पर खड़े पाए गए वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस चौकी प्रभारी प्रकाश सोलंकी ने कहा कि कोई भी वाहन चालक यदि सड़क पर वाहन खड़ा करता पाया गया तो उसके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर वाहन खड़े नहीं करने की अपील की। पुलिस द्वारा प्रतिदिन बड़ी छिपानेर से हरदा की ओर रेत लेकर जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।
——————————

