Skip to content
Thursday, 22 October 2026
देवास

किराना स्टोर पर पेप्सी उधार न देने पर पेट्रोल फेंककर लगाई आग

2 min read
Text Size:

– दुकानदार सहित भतीजा झुलसे, गंभीर
अनोखा तीर, देवास। ग्राम तालोद स्थित एक किराना स्टोर में गुरुवार शाम करीब 6 बजे तीन आरोपियों ने पेट्रोल फेंककर आग लगा दी। इस घटना में दुकानदार फूलसिंह सिसोदिया और उनका भतीजा गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने फरियादी के बयान पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी फूलसिंह सिसोदिया 41 वर्ष लल्ला किराना स्टोर्स चलाते हैं। गुरुवार को दिन में करीब 4 बजे आरोपी गोविंद का भांजा दुकान पर 5 रुपए की पेप्सी उधार लेने आया था। फूलसिंह ने उसे अपने मामा को भेजने के लिए कहा, जिसके बाद वह चला गया। शाम करीब 6 बजे गोविंद पिता फूलसिंह टकवाणा अपने दोस्त कृष्णपाल इंदरसिंह गोयल और आदर्श सोभालसिंह सेंधव के साथ दुकान पर पहुंचा। उन्होंने फूलसिंह को गालियां देते हुए कहा, साले तू मुझे नहीं पहचानता। इसके बाद गोविंद ने पेट्रोल से भरी पॉलिथीन फूलसिंह पर फेंक दी, जो काउंटर पर गिरी और फैल गई। आरोपियों ने माचिस की तीली जलाकर फेंकी, जिससे काउंटर और फूलसिंह के कपड़ों में आग लग गई। आग लगते ही फूलसिंह दौड़कर बाथरूम में गए, जहां उनकी पत्नी और बहन ने पानी डालकर आग बुझाई। तब तक उनके दोनों पैर जांघ तक और दोनों हाथ कोहनी तक जल चुके थे। दुकान में पीछे बैठे भतीजे राज पर भी थोड़ा पेट्रोल गिरने से उसका एक पैर और एक हाथ झुलस गया। घटना में दुकान का काउंटर और कुछ सामान भी जल गया। पुलिस ने फरियादी के बयान पर धारा 109, 296(बी) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। घायलों का एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया है। सोनकच्छ थाना प्रभारी अजय सिंह गुर्जर ने बताया कि तीनों आरोपी गोविंद, कृष्णपाल और आदर्श के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply