Skip to content
Thursday, 22 October 2026
हरदा

बारात से चोरी हुए लाखों के जेवर 48 घंटे में बरामद

2 min read
Text Size:

– महिला आरोपी गिरफ्तार, 6.05 तोला सोना व नगदी सहित 10 लाख का मशरुका जब्त

अनोखा तीर, कांटाफोड़। पुलिस के ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरे लगातार अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना कांटाफोड़ पुलिस ने एक चोरी की वारदात का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लाखों रुपए के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 06 मई 2026 को फरियादिया अपने भांजे आयुष राठौर की बारात में शामिल होने कांटाफोड़ आई थीं। विवाह कार्यक्रम द सुजान पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने अपने गले का सोने का हार एवं कानों के दो जोड़ी सोने के झुमके पर्स में रख दिए थे, जिन्हें किसी अज्ञात महिला द्वारा चोरी कर लिया गया।
मामले की रिपोर्ट थाना कांटाफोड़ में दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। एएसपी ग्रामीण सौम्या जैन एवं एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। महिला का स्पष्ट चेहरा सामने आने पर उसकी फोटो एवं वीडियो सामुदायिक पुलिसिंग के तहत संचालित व्हाट्सएप समूहों में साझा किए गए। स्थानीय लोगों की मदद से महिला की पहचान कर उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में महिला ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए 06.05 तोला सोने के आभूषण, जिनमें एक सोने का हार एवं दो जोड़ी झुमके शामिल हैं, साथ ही 4,640 नगद बरामद किए। जब्त मशरुका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख बताई जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी महिला के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कांटाफोड़ उपनिरीक्षक मलखानसिंह भाटी, विनय सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक यतीश तिवारी, महिला आरक्षक रेखा बडोले एवं थाना सतवास के प्रधान आरक्षक गणेश रावत की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
———————–

4 Views
What do you think?

Leave a Reply