अनोखा तीर, हरदा। अवैध ई-फार्मेसियों की बढ़ती गतिविधियों एवं बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा अपनाई जा रही प्रिडेटोरी मूल्य निर्धारण नीतियों के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आव्हान पर 20 मई को राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय बंद का समर्थन करते हुए जिला केमिस्ट्स एसोसिएशन हरदा द्वारा भी एक दिन जिले के समस्त मेडिकल बंद रहेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्षता कृष्णदास चाचरे ने बताया की अवैध ई-फार्मेसियों की बढ़ती गतिविधियों एवं बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा अपनाई जा रही प्रिडेटोरी मूल्य निर्धारण नीतियों के विरोध में एक दिन मेडिकल बंद रखे जाएंगे। उन्होंने कहा की ऑनलाइन दवा बिक्री की अनियंत्रित व्यवस्था से स्थापित औषधि वितरण प्रणाली प्रभावित हो रही है और छोटे व मध्यम केमिस्ट्स के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। संगठनों ने आरोप लगाया कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री, एंटीबायोटिक्स एवं आदत बनाने वाली दवाओं की आसान उपलब्धता तथा नकली प्रिस्क्रिप्शन का उपयोग जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। साथ ही नकली एवं गलत तरीके से संग्रहित दवाओं के कारण एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस बढ़ने की आशंका भी जताई गई।

