अनोखा तीर, हरदा/टिमरनी। नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी एवं यांगोवेटर इंदौर के संयुक्त प्रयास से हरदा में रोबोटिक सेमिनार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सेमिनार का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में हरदा जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अन्य अतिथियों के रूप में प्रभुशंकर शुक्ल, डॉ.शिरीष अग्रवाल, डॉ.आशा बांगड़, श्रीमती शीनू बंसल सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। सेमिनार के मुख्य वक्ता यांगोवेटर इंदौर के सीईओ मुदित ठक्कर रहे, जिन्हें रोबोट मैन ऑफ इंडिया के नाम से जाना जाता है। उन्होंने आने वाले समय में रोबोटिक्स एवं एआई टेक्नोलॉजी के उपयोग तथा इन तकनीकों का भविष्य की नौकरियों पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विगत दो वर्षों से यांगोवेटर इनोवेशन लैब नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। रोबोटिक्स सीख रहे छात्रों ने अपने मॉडल्स की प्रदर्शनी भी लगाई, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। साथ ही विद्यालय के कई छात्र पिछले दो वर्षों से लगातार आईआईटी मुंबई में अपनी रोबोटिक्स प्रस्तुति दे रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान हरदा शहर में जल्द ही यांगोवेटर इनोवेशन लैब के शुभारंभ की घोषणा भी की गई। जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि भविष्य में टेक्नोलॉजी का उपयोग और अधिक बढ़ेगा, इसलिए विद्यार्थियों को आज से ही इसकी तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने केपीएस स्कूल के छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन भी किया। प्रभुशंकर शुक्ल ने कहा कि केपीएस स्कूल के संचालक अंकुश अग्रवाल एवं श्रीमती चंचलिका अग्रवाल निरंतर छात्र-छात्राओं के भविष्य के लिए नवाचार पर कार्य कर रहे हैं तथा विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सेमिनार के लिए अभिभावकों ने पूर्व में सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पंजीयन कराया था। कार्यक्रम में पहुंचे पंजीकृत अभिभावकों को यांगोवेटर इंदौर द्वारा 1000 रुपये का नि:शुल्क कूपन भी प्रदान किया गया। सेमिनार के दौरान छात्रों ने बढ़-चढ़कर प्रश्न पूछे और उनके उत्तर प्राप्त किए। अभिभावकों के पूर्ण सहयोग एवं समर्थन से यह सेमिनार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
——————————

