-मामला : एससी-एसटी युवा अध्यक्ष को दलाल कहने का
अनोखा तीर, हरदा। बुधवार को हरदा के तेजाजी चौक पर कतिया समाज ने कांग्रेस विधायक डॉ. आरके दोगने का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। समाज ने विधायक पर एससी-एसटी युवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष राहुल पवारे को सार्वजनिक रूप से दलाल कहने का आरोप लगाया है। समाज के सदस्यों का कहना है कि विधायक आर.के. दोगने ने युवा समाजसेवी राहुल पवारे को अपमानित किया। राहुल पवारे कतिया समाज के युवा प्रदेशाध्यक्ष और अनुसूचित जाति-जनजाति युवा संघ के प्रदेशाध्यक्ष हैं। कतिया समाज का आरोप है कि विधायक दोगने राहुल पवारे को दलित कार्यकर्ता के रूप में जानते थे और उन्होंने जातिगत हीन भावना रखते हुए उन्हें अपमानित किया, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई है। समाज ने विधायक दोगने के खिलाफ दुर्व्यवहार और जातिगत अपमान के आरोप में जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर विधायक पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो पूरा समाज सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी हरदा जिला प्रशासन की होगी।
———————–

