अनोखा तीर, देवास। खिवनी अभयारण्य में गुरुवार सुबह बाघ ‘युवराजÓ जामनेर नदी में पानी पीते हुए नजर आया। वन विभाग की गश्त टीम ने सुबह के समय इसका वीडियो बनाया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, गश्त टीम सुबह करीब 10 बजे नदी किनारे से गुजर रही थी, तभी बाघ युवराज पानी पीते हुए दिखाई दिया। वह करीब 30 सेकंड तक वहीं रुका रहा और इसके बाद नदी किनारे की झाडिय़ों में चला गया। अभ्यारण्य के अधीक्षक विकास माहौरे के अनुसार, भीषण गर्मी के बीच इस तरह से बाघ का नदी किनारे पानी पीते हुए दिखना पहली बार कैमरे में कैद हुआ है। यह पहला अवसर है जब बाघ को इस तरह नदी किनारे अपनी प्यास बुझाते देखा गया। पानी के प्राकृतिक स्रोतों के पास बाघिन को अपने शावकों के साथ पानी पीते देखा गया है, जो इस क्षेत्र में बाघों के बढ़ते परिवार का संकेत है। गर्मी बढ़ने के साथ ही वन्यप्राणी, जैसे कि बाघ, शावक और अन्य, पानी की तलाश में जंगल से बाहर जलस्रोतों के पास अक्सर देखे जाते हैं।

